रंगदारी नहीं दी तो घर में घुसकर हमला! मां की चेन और पत्नी का मंगलसूत्र...
- 4h ago
मथुरा में राधारानी के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरे टेंपो को तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में भाजपा नेता सियाराम तिवारी के भाई दशरथ तिवारी की मौत हो गई, जबकि परिवार की चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार रिफाइनरी क्षेत्र के धाना शमशाबाद निवासी दशरथ तिवारी शनिवार को परिवार के साथ कोकिलावन में शनिदेव महाराज के दर्शन करने पहुंचे थे। दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद सभी लोग टेंपो से बरसाना स्थित राधारानी मंदिर के लिए रवाना हुए थे।
बताया जा रहा है कि बरसाना क्षेत्र के संकेत गांव के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार वेगनर कार ने टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई और कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मौके पर पहुंचकर टेंपो में फंसे घायल लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। केडी हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने दशरथ तिवारी को मृत घोषित कर दिया।
मृतक के भांजे सुधीर रावत ने बताया कि हादसे में दशरथ तिवारी की पत्नी अनीता, छोटे भाई की पत्नी लक्ष्मी, रजनी और भतीजी गजल गंभीर रूप से घायल हुई हैं, जिनका अस्पताल में उपचार जारी है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें
Breaking News और अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर