बांके बिहारी मंदिर मार्ग पर मिले मांस के टुकड़े, श्रद्धालुओं में आक्रोश; जांच में जुटी पुलिस

  • 15 days ago
  • 252 views


धार्मिक नगरी वृंदावन में बांके बिहारी मंदिर के मुख्य मार्ग पर मांस के टुकड़े मिलने से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में भारी आक्रोश फैल गया। मामला कोतवाली क्षेत्र की बांके बिहारी चौकी के अंतर्गत सरदार गेस्ट हाउस के समीप स्थित शिव मंदिर के पास का है, जहां सुबह लोगों की नजर मांस के टुकड़ों पर पड़ी। घटना की जानकारी फैलते ही क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता और गौकशी विरोधी अभियान से जुड़े बबंडर बाबा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस घटना को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों ने भी मंदिर के निकट बने अस्थायी कचरा स्थल पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मांस के टुकड़े वहां कैसे पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और पुलिस लोगों से शांति बनाए रखने की अपील कर रही है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now