बकरीद से पहले बीमार पड़ रहे बकरे, भीषण गर्मी से पशुपालक परेशान

  • 20 days ago
  • 523 views


मुरादाबाद जिले में पड़ रही भीषण गर्मी और प्रचंड लू का असर अब इंसानों के साथ-साथ बेजुबान जानवरों पर भी दिखाई देने लगा है। बकरीद पर्व से पहले बड़ी संख्या में बकरे मंडियों और पशुपालकों के पास लाए जा रहे हैं, लेकिन तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण उनमें गंभीर बीमारियां तेजी से बढ़ रही हैं।

जिला पशु अस्पतालों में इन दिनों बीमार बकरों की संख्या अचानक बढ़ गई है। पशु चिकित्सकों के अनुसार रोजाना 12 से 15 बकरे इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं।

डॉक्टरों का कहना है कि बकरों में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, जुकाम, कमजोरी और भूख न लगने जैसी समस्याएं देखने को मिल रही हैं। कई बकरों का तापमान 106 डिग्री तक पहुंच रहा है, जिससे उनकी हालत गंभीर हो रही है।

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी सुनील दत्त प्रजापति ने बताया कि विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। अस्पतालों में दवाइयों, ग्लूकोज और इलेक्ट्रोलाइट थेरेपी की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान भी चलाए जा रहे हैं और ‘1962’ टोल-फ्री मोबाइल एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से पशुओं का मुफ्त इलाज कराया जा रहा है।

प्रशासन ने पशुपालकों से अपील की है कि बकरों को तेज धूप से बचाकर छांव में रखें, पर्याप्त पानी पिलाएं और गर्मी के दौरान विशेष देखभाल करें, ताकि किसी बड़ी बीमारी या नुकसान से बचा जा सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now