रंगदारी नहीं दी तो घर में घुसकर हमला! मां की चेन और पत्नी का मंगलसूत्र...
- 4h ago
मथुरा की सांसद हेमा मालिनी सोमवार को एक अलग अंदाज में नजर आईं। दिशा समिति की बैठक समाप्त होने के बाद वह ई-ऑटो में बैठकर कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना हुईं और लोगों को ईंधन बचाने व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक करीब दो घंटे तक चली, जिसमें जिले में चल रही और लंबित विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान सांसद हेमा मालिनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने विकास कार्यों को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक समाप्त होने के बाद सांसद हेमा मालिनी भाजपा विधायक पूरन प्रकाश के साथ इलेक्ट्रिक ऑटो में बैठकर रवाना हुईं। यह ई-ऑटो विधायक पूरन प्रकाश द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों और बैठकों में आने-जाने के लिए उपयोग किया जा रहा है। ऑटो पर भाजपा का झंडा, हूटर और विधायक के नाम की प्लेट भी लगी हुई थी।
बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण की अपील के बाद विधायक पूरन प्रकाश लगातार ई-ऑटो का उपयोग कर रहे हैं। सांसद हेमा मालिनी ने भी लोगों से इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाने की अपील की।
सांसद ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण को रोकने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ईवी वाहन पर्यावरण के अनुकूल होने के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी लाभदायक हैं।
सांसद के ई-ऑटो में सफर करने की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं और लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें
Breaking News और अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर