बाहरी वाहनों पर रोक की मांग, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सड़क पर उतरे कार्यकर्ता

  • 9 days ago
  • 206 views


धार्मिक नगरी वृंदावन में बढ़ती यातायात समस्याओं और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वृंदावन सिविल सोसाइटी द्वारा एक अनूठी पहल की जा रही है। संस्था के सदस्य इन दिनों रात्रिकालीन श्रमदान अभियान चलाकर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने में जुटे हुए हैं।

अभियान के तहत सिविल सोसाइटी की एक टीम अटला चुंगी क्षेत्र में जबकि दूसरी टीम रमणरेती क्षेत्र में तैनात रहकर यातायात को व्यवस्थित करने और श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है। देर रात तक कार्यकर्ता सड़कों पर मौजूद रहकर ट्रैफिक संचालन में सहयोग कर रहे हैं।

सिविल सोसाइटी के पदाधिकारियों का कहना है कि वृंदावन की व्यवस्था को बेहतर बनाना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का भी कर्तव्य है। इसी भावना के साथ संस्था के सदस्य स्वेच्छा से समय निकालकर प्रतिदिन रात्रि में श्रमदान कर रहे हैं।

हालांकि कार्यकर्ताओं ने चिंता जताई कि रात्रि के समय भी बड़ी संख्या में बाहरी वाहन वृंदावन में प्रवेश कर रहे हैं, जिससे परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि अधिक मास और धार्मिक आयोजनों के दौरान लाखों श्रद्धालु परिक्रमा के लिए आते हैं, ऐसे में बाहरी वाहनों का अनियंत्रित प्रवेश यातायात व्यवस्था को प्रभावित करता है।

सिविल सोसाइटी ने प्रशासन से मांग की है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए रात्रिकाल में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जाए। इससे परिक्रमा मार्ग जाममुक्त रहेगा और श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सकेंगे।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now