आर्थिक तंगी नहीं तोड़ पाएगी बच्चों के सपने, सामाजिक संस्था ने बांटी मुफ्त किताबें

  • 4 days ago
  • 256 views


कहते हैं शिक्षा ही समाज में असली बदलाव की नींव होती है, लेकिन आज भी कई ऐसे बच्चे हैं जो आर्थिक तंगी के कारण किताबों और पढ़ाई की जरूरी सामग्री से वंचित रह जाते हैं। ऐसे जरूरतमंद बच्चों के लिए मथुरा की सामाजिक संस्था “परिवर्तन फाउंडेशन” उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आई है।

रविवार को वृंदावन गेट स्थित बृज बाल विकास केंद्र विद्यालय में संस्था द्वारा 10 जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें और अध्ययन सामग्री वितरित की गई। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बावजूद कई बच्चों के पास किताबें न होने की जानकारी विद्यालय की प्रधानाचार्य उषा यादव ने संस्था तक पहुंचाई थी।

सूचना मिलते ही परिवर्तन फाउंडेशन की टीम सक्रिय हुई और विद्यालय पहुंचकर बच्चों को किताबें, कॉपियां और अन्य शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराई। पढ़ाई का सामान पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी साफ नजर आई।

संस्था के पदाधिकारी नमित मित्तल और आशीष गर्ग ने कहा कि कोई भी बच्चा पैसों की कमी के कारण शिक्षा से वंचित न रहे, यही संस्था का उद्देश्य है। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया और समाज के सक्षम लोगों से भी इस मुहिम में सहयोग की अपील की।

इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य उषा यादव सहित संस्था के सदस्य गौरव अग्रवाल, रुचिर गोयल, उदित गोयल, तरुण गुप्ता और तनिष्क मित्तल मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी इस सेवा कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक पहल बताया।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now