अडींग नहर के पास रोडवेज और प्राइवेट बस में जोरदार टक्कर, बाल-बाल बचे यात्री

  • 15 days ago
  • 206 views


मथुरा-गोवर्धन मार्ग पर अडींग नहर के समीप शनिवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां यूपी रोडवेज की एसी बस और एक डग्गेमार प्राइवेट बस के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि रोडवेज बस का पिछला शीशा चकनाचूर हो गया, जबकि प्राइवेट बस भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और यात्रियों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 9 बजे मथुरा से गोवर्धन जा रही यूपी रोडवेज एसी बस संख्या UP 80 KT 3631 अडींग नहर के पास पहुंची थी। इसी दौरान सामने से आ रही डग्गेमार प्राइवेट बस संख्या RJ 05 PB 0741 से उसकी टक्कर हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों बसों में सवार सभी यात्री सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।

हादसे की सूचना मिलते ही अडींग पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति को नियंत्रित किया। कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन पुलिस ने वाहनों को हटवाकर मार्ग को सुचारु करा दिया। पुलिस ने दोनों बसों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाए जाते हैं, जिसके चलते हादसों का खतरा बना रहता है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now