0: 40 एकड़ में बस रही अवैध कॉलोनी पर MVDA का बुलडोजर, करोड़ों के अवैध निर्माण जमींदोज, बिल्डरों में मचा हड़कंप

  • 16 days ago
  • 289 views


मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण यानी एमवीडीए ने अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए छाता-गोवर्धन रोड स्थित गांव सौखी, थाना बरसाना क्षेत्र में विकसित की जा रही लगभग 40 एकड़ की अवैध कॉलोनी पर बुलडोजर चला दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में हुई इस कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में किए गए कई अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया गया।

प्राधिकरण के अनुसार यह कार्रवाई एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन के निर्देश पर सचिव आशीष कुमार के नेतृत्व में प्रवर्तन दल द्वारा की गई। जानकारी के मुताबिक अरविंद झा और अमित अत्री द्वारा गांव सौखी में जेएसकेएस फेस-तृतीय धेनू वाटिका नाम से बिना स्वीकृत मानचित्र के बड़े पैमाने पर प्लॉटिंग कर अवैध कॉलोनी विकसित की जा रही थी।

एमवीडीए अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में उत्तर प्रदेश नगर नियोजन एवं विकास अधिनियम, 1973 के तहत वाद संख्या 75/2023-24 पहले से दर्ज था और ध्वस्तीकरण के आदेश भी पारित किए जा चुके थे। वर्ष 2023 में भी इसी स्थान पर अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की गई थी, लेकिन इसके बावजूद दोबारा निर्माण और प्लॉटिंग शुरू कर दी गई।

हाल ही में मिली शिकायतों के सत्यापन के बाद प्रवर्तन दल थाना बरसाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचा और बुलडोजर चलाकर कॉलोनी में बनी बाउंड्रीवाल, आरसीसी सड़क, मुख्य प्रवेश द्वार, बिजली के खंभे, साइट ऑफिस सहित अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा।

एमवीडीए की उपाध्यक्ष लक्ष्मी एन ने कहा कि बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के किसी भी प्रकार की कॉलोनी विकसित करना पूरी तरह अवैध है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि किसी भी भूखंड या प्लॉट को खरीदने से पहले उसकी वैधता और प्राधिकरण से स्वीकृति की जांच अवश्य कर लें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों से बचा जा सके।

प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि जनहित में अवैध कॉलोनियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now