28 मई को धूमधाम से होगा श्री द्वारकाधीश महाराज का ब्यावला, निकलेगी भव्य शोभायात्रा

  • 1 day ago
  • 125 views


मथुरा में पुष्टिमार्गीय संप्रदाय के प्रसिद्ध ठाकुर श्री द्वारकाधीश मंदिर में 28 मई गुरुवार को श्री राजाधिराज का भव्य ब्यावला महोत्सव बड़े हर्षोल्लास और धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जाएगा। यह आयोजन कांकरोली नरेश परम पूज्य डॉ. 108 श्री वागीश कुमार जी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।

ब्यावला महोत्सव से पहले विभिन्न पारंपरिक धार्मिक रस्मों का आयोजन शुरू हो चुका है। बुधवार सुबह 7 बजे यमुना पूजन किया गया, जिसके बाद प्रातः 8 बजे ध्वजारोहण समारोह आयोजित हुआ।

विवाह पूर्व कार्यक्रमों के तहत शाम 6 बजे हल्दी रस्म, शाम 7 बजे मेहंदी एवं संगीत समारोह और रात्रि 8 बजे प्रतिभोज का आयोजन होलीगेट स्थित अप्सरा पैलेस में किया जाएगा।

28 मई को मुख्य ब्यावला महोत्सव के अवसर पर शाम 4 बजे अप्सरा पैलेस से लेकर द्वारकाधीश मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान भक्तगण जयकारों और भक्ति संगीत के साथ ठाकुर जी की बारात में शामिल होंगे।

वहीं शाम 6:30 बजे द्वारकाधीश मंदिर में ब्यावला मनोरथ के दिव्य दर्शन होंगे। इसके बाद रात्रि 8 बजे अप्सरा पैलेस में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रसिद्ध भजन गायक ध्रुव शर्मा और स्वर्णा श्री अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।

पूरे ब्यावला महोत्सव का आयोजन श्री काली मां मित्र मंडल मथुरा द्वारा किया जा रहा है। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now