25 लाख की टप्पेबाजी का पर्दाफाश, साउथ दिल्ली का शातिर बदमाश गिरफ्तार

  • 3 days ago
  • 356 views


मथुरा पुलिस ने शहर के चर्चित 25 लाख रुपये की टप्पेबाजी के मामले का सफल खुलासा करते हुए साउथ दिल्ली के एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पूरे 25 लाख रुपये नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक भी बरामद कर ली है। इस सनसनीखेज मामले का खुलासा पुलिस लाइन में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान एसपी सिटी राजीव कुमार ने किया।

घटना उस समय हुई थी जब चंद्रिका प्लाईवुड के मालिक वरुण गर्ग की भतीजी की शादी के लिए आभूषण बनवाने हेतु कंपनी के कर्मचारी 25 लाख रुपये लेकर कार से जा रहे थे। रास्ते में गोवर्धन चौराहे के पास बाइक सवार बदमाशों ने कार के बोनट पर मोबिल ऑयल छिड़क दिया और कुछ दूरी पर सिम्स अस्पताल के पास कार का तेल लीक होने का झांसा दिया। जैसे ही चालक और कर्मचारी कार से उतरकर बोनट की जांच करने लगे, बदमाशों ने महज कुछ सेकंड में कार में रखा 25 लाख रुपये से भरा बैग पार कर दिया और मौके से फरार हो गए।

वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देशन में थाना हाईवे, एसओजी, स्वाट, सर्विलांस और साइबर सेल समेत कुल 6 टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी अक्षय, निवासी साउथ दिल्ली, को सलेमपुर-पालीखेड़ा रोड से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी की गई पूरी 25 लाख रुपये की रकम और वारदात में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली गई।

एसपी सिटी राजीव कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पेशेवर और शातिर टप्पेबाज है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि टप्पेबाजी इनका पुश्तैनी धंधा है और यह गिरोह वर्षों से इसी तरह लोगों को वाहन में खराबी, तेल लीक या अन्य बहाने बनाकर गाड़ी से नीचे उतारता है और फिर चंद सेकंड में नकदी या कीमती सामान लेकर फरार हो जाता है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now