10 साल से नाली का इंतजार, हर बारिश में जलमग्न होती अंकित विहार कॉलोनी, नगर निगम पर फूटा लोगों का गुस्सा

  • 16 days ago
  • 203 views


मथुरा नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 स्थित औरंगाबाद, गोकुल बैराज के समीप अंकित विहार कॉलोनी में रहने वाले लोग पिछले करीब 10 वर्षों से नाली निर्माण का इंतजार कर रहे हैं। बरसात शुरू होते ही पूरी कॉलोनी जलभराव की चपेट में आ जाती है, जिससे लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कॉलोनी में आज तक जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं हो सकी है। हल्की बारिश होते ही गलियों में गंदा पानी भर जाता है, जिससे लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है, जिन्हें रोजाना गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि जलभराव के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ जाता है, जिससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना रहता है। लोगों का आरोप है कि कई बार क्षेत्रीय पार्षद और नगर निगम अधिकारियों से नाली निर्माण की मांग की गई, लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिला। आज तक धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं हुआ।

स्थानीय लोगों ने बताया कि वे पिछले लगभग एक दशक से इस समस्या को झेल रहे हैं। कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें करने के बावजूद संबंधित विभाग ने गंभीरता नहीं दिखाई। उनका कहना है कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में कॉलोनी का दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।

कॉलोनीवासियों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि अंकित विहार कॉलोनी में जल्द से जल्द नाली निर्माण कराया जाए और जल निकासी की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हर वर्ष बरसात के दौरान होने वाली इस समस्या से लोगों को राहत मिल सके।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now