ट्रेन की चपेट में आए वरिष्ठ पशु चिकित्सक, फोन पर बात करते समय हुआ दर्दनाक हादसा

  • 12h ago
  • 148 views


मथुरा: मथुरा-अलवर रेलवे लाइन पर बजाना पुल के नीचे मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. रामप्रकाश की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि फोन पर बात करने के दौरान उनका ध्यान भटक गया, जिससे उन्हें आती हुई ट्रेन का अंदाजा नहीं लग सका।

मृतक की पहचान डॉ. रामप्रकाश, निवासी विकास नगर, मथुरा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, मंगलवार सुबह वह फोन पर बातचीत करने के बाद घर से बाहर निकले थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उनकी तलाश शुरू की, तभी बजाना पुल के पास रेलवे ट्रैक पर हादसे की सूचना मिली।

घटनास्थल पर पहुंचे परिजनों ने रेलवे ट्रैक पर डॉ. रामप्रकाश का शव देखा, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने स्पष्ट किया कि घर में किसी प्रकार का कोई विवाद या तनाव नहीं था और प्रथम दृष्टया यह एक दुखद दुर्घटना प्रतीत होती है।

मृतक के बहनोई जनार्दन पहलवान ने बताया कि रामप्रकाश सामान्य रूप से घर से निकले थे। कुछ ही देर बाद हादसे की सूचना मिली, जिसने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस रेलवे ट्रैक, कॉल डिटेल और अन्य परिस्थितियों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now