मथुरा-दिल्ली हाईवे पर तारकोल से भरे ट्रक में भीषण आग, आधे घंटे तक ठप रहा यातायात

  • 8h ago
  • 421 views


मथुरा के थाना जैत क्षेत्र स्थित आझई फ्लाईओवर पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मथुरा से दिल्ली जा रहे तारकोल से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और हाईवे पर धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। वहीं मौके पर मौजूद राहगीरों ने ट्रक के केबिन से जरूरी सामान बाहर निकालने में मदद की। सूचना मिलते ही जीएलए यूनिवर्सिटी और सरकारी दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।

ट्रक में भरे तारकोल के कारण आग लगातार भड़कती रही और दमकल कर्मियों को आग पर काबू पाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। आग इतनी भीषण थी कि दमकल की गाड़ियों को चार बार पानी भरना पड़ा।

हादसे को देखते हुए जैत पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर करीब आधे घंटे तक मथुरा-दिल्ली हाईवे पर यातायात रोक दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। काफी प्रयासों के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका, जिसके बाद हाईवे पर यातायात दोबारा सुचारू कराया गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now