चार दिन बाद भक्तों के बीच पहुंचे प्रेमानंद महाराज, दर्शन पाकर भावुक हुए श्रद्धालु, गूंजा ‘राधे-राधे’

  • 6h ago
  • 84 views


मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज चार दिन बाद गुरुवार को एक बार फिर भक्तों के बीच पहुंचे। पिछले कई दिनों से उनके दर्शन न होने के कारण चिंतित और मायूस श्रद्धालुओं के लिए यह पल बेहद भावुक कर देने वाला रहा। जैसे ही प्रेमानंद महाराज अपने आश्रम से बाहर निकले, पूरा परिक्रमा मार्ग ‘राधे-राधे’ के जयकारों से गूंज उठा। अपने आराध्य संत की एक झलक पाने के लिए भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

स्वास्थ्य और अन्य कारणों के चलते पिछले चार दिनों से प्रेमानंद महाराज के दर्शन स्थगित थे। इसी वजह से देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालु लगातार उनके दर्शन का इंतजार कर रहे थे। गुरुवार को जैसे ही दर्शन की सूचना मिली, वैसे ही आश्रम और परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भीषण गर्मी और हीट वेव के बावजूद श्रद्धालु रात से ही मार्ग पर बैठकर अपने गुरु के दर्शन का इंतजार करते रहे।

प्रेमानंद महाराज अपने निर्धारित समय पर मंद-मंद मुस्कुराते हुए भक्तों के बीच पहुंचे। उन्होंने हाथ जोड़कर श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया और आशीर्वाद दिया। चार दिन बाद अपने प्रिय संत के दर्शन पाकर कई श्रद्धालु भावुक हो गए और उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े।

दिल्ली से आई श्रद्धालु भावना ने बताया कि वह पिछले तीन दिनों से वृंदावन में थीं और रोज बाबा के दर्शन की उम्मीद में आश्रम पहुंच रही थीं। उन्होंने कहा, “आज प्रेमानंद महाराज जी के दर्शन करके ऐसा लगा जैसे ठाकुर जी के दर्शन हो गए, हमारी यात्रा सफल हो गई।”

प्रेमानंद महाराज के दर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है। देश ही नहीं बल्कि विदेशों में बैठे उनके अनुयायी भी डिजिटल माध्यम से दर्शन कर भावुक नजर आए। पिछले दिनों दर्शन स्थगित होने के बाद भक्तों में उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई थी, लेकिन गुरुवार को उन्हें स्वस्थ देखकर श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली।

 

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now