अधिकमास मेले में उमड़ रही श्रद्धालुओं की भीड़, मंदिरों में धार्मिक आयोजन के साथ प्रसाद और जलसेवा जारी

  • 8h ago
  • 83 views


गिरिराज धाम गोवर्धन में 17 मई से शुरू हुए अधिकमास मेले के चलते पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गोवर्धन पहुंच रहे हैं और 84 कोस की परिक्रमा लगाकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद श्रद्धालुओं की आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही है। श्रद्धालु लगातार गिरिराज महाराज की परिक्रमा कर धार्मिक अनुष्ठानों में भाग ले रहे हैं।

अधिकमास मेले के अवसर पर गोवर्धन और आसपास के क्षेत्रों में जगह-जगह धार्मिक आयोजन, भजन-कीर्तन, कथा और भंडारों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में सौंख-मथुरा रोड स्थित श्री भगवान दत्तात्रेय धाम मंदिर में समाजसेवी पूनम सिंह के नेतृत्व में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्त शामिल हुए और पूजा-अर्चना कर धर्म लाभ प्राप्त किया।

धार्मिक आयोजन के समापन के बाद सभी श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण कराया गया। वहीं मंदिर के मुख्य द्वार पर परिक्रमा कर रहे श्रद्धालुओं के लिए जल प्याऊ सेवा भी संचालित की गई। भीषण गर्मी को देखते हुए श्रद्धालुओं को ठंडा पानी उपलब्ध कराया गया, जिससे परिक्रमा कर रहे भक्तों को काफी राहत मिली। सेवा कार्य में लगे लोगों ने श्रद्धालुओं का प्रसाद वितरित कर स्वागत भी किया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि अधिकमास मेले के दौरान इस प्रकार के धार्मिक और सेवा कार्यों से श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिल रही है। मंदिरों और सामाजिक संगठनों द्वारा लगातार सेवा कार्य किए जा रहे हैं, जिससे पूरा गोवर्धन क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में नजर आ रहा है।

इस अवसर पर पवन हुड्डा, प्रवीन, इशिता सिंह, नितिन, पंकज तथा अमरदास बाबरा सहित अन्य श्रद्धालु एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now