92 वर्षीय मां को पालकी में बैठाकर 84 कोस यात्रा करा रहे रामेश्वर, मातृभक्ति देख भावुक हुए श्रद्धालु

  • 8h ago
  • 99 views


गोवर्धन में 17 मई से शुरू हुई 84 कोस यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद भक्तों की आस्था में कोई कमी देखने को नहीं मिल रही। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह सेवा, भक्ति और श्रद्धा के भाव दिखाई दे रहे हैं।

इसी बीच गोवर्धन क्षेत्र के गांव कोथरा में मातृभक्ति का एक भावुक कर देने वाला दृश्य सामने आया। यहां सुसायत कला निवासी परिक्रमार्थी रामेश्वर अपनी 92 वर्षीय बुजुर्ग मां को पालकी में बैठाकर 84 कोस यात्रा कराते नजर आए। मां के प्रति उनकी सेवा भावना और समर्पण को देखकर वहां मौजूद श्रद्धालु भावुक हो उठे और उनके इस कार्य की सराहना करने लगे।

रामेश्वर ने बताया कि उनकी मां की लंबे समय से इच्छा थी कि वह 84 कोस यात्रा करें, लेकिन वृद्धावस्था और कमजोरी के कारण उनके लिए पैदल चलना संभव नहीं था। मां की इसी इच्छा को पूरा करने के लिए वह उन्हें पालकी में बैठाकर पूरी श्रद्धा के साथ यात्रा करा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि “मां की सेवा से बड़ा कोई धर्म और पुण्य नहीं होता। मुझे खुशी है कि मैं अपनी मां की मनोकामना पूरी कर पा रहा हूं।” यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने रामेश्वर के इस कार्य को मातृभक्ति, संस्कार और आस्था का अद्भुत उदाहरण बताया।

YouTube चैनल को Subscribe करें

ताज़ा खबरों और वीडियो अपडेट के लिए अभी जुड़ें

Subscribe Now