तहसील दिवस से गायब अफसरों का कटेगा वेतन, प्रशासनिक अमले में मचा हड़कंप डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने दी चेतावनी

  • 11h ago
  • 142 views


मथुरा। सदर तहसील में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए स्पष्ट कर दिया कि सरकारी कार्यों में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने कहा कि तहसील दिवस में बिना अनुमति अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों का वेतन काटा जाएगा। जिलाधिकारी के इस सख्त रुख के बाद संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई है।

जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने संपूर्ण समाधान दिवस में अधिकारियों की उपस्थिति की समीक्षा करते हुए अनुपस्थित अधिकारियों को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस आम जनता की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी समाधान का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे में जिम्मेदार अधिकारियों की अनुपस्थिति को जनता के हितों की अनदेखी के रूप में देखा जाएगा।

डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ADM FR को अनुपस्थित अधिकारियों के संबंध में जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति अथवा उचित कारण के गैरहाजिर पाए जाने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए वेतन कटौती की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निर्धारित समय पर संपूर्ण समाधान दिवस में उपस्थित रहें और फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनें। प्राप्त शिकायतों को केवल औपचारिकता के तौर पर न लिया जाए, बल्कि उनका गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता पर भी प्रशासन की नजर रहेगी।

डीएम के सख्त निर्देशों के बाद तहसील दिवस में अधिकारियों की उपस्थिति को लेकर निगरानी और कड़ी होने के संकेत मिले हैं। बिना उचित कारण गैरहाजिर रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ वेतन कटौती सहित विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now