श्रद्धालुओं की सुरक्षा से खिलवाड़ पड़ा तो रद्द होगा नाविकों का रजिस्ट्रेशन, प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी

  • 11h ago
  • 80 views


यमुना में नाव एवं स्टीमर संचालन के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा में लापरवाही बरतने वाले नाविकों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है। अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई नाविक निर्धारित सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसका रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के साथ दंडात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।

वृंदावन में हुए नाव हादसे और 16 श्रद्धालुओं की मौत के बाद प्रशासन ने नाव एवं स्टीमर संचालन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की थी। आरोप है कि कुछ समय बाद निगरानी में नरमी आते ही कुछ नाविकों ने फिर से स्टीमर में निर्धारित क्षमता से अधिक श्रद्धालुओं को बैठाना शुरू कर दिया है। इसके अलावा स्टीमर में यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा लाइफ जैकेट उतारकर वीडियो और रील बनाने के मामले भी सामने आए हैं।

सोशल मीडिया पर इससे जुड़े कुछ वीडियो वायरल होने के बाद नाव और स्टीमर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं। वायरल वीडियो में कथित तौर पर श्रद्धालु लाइफ जैकेट उतारकर वीडियो बनाते नजर आ रहे हैं।

मामले को लेकर अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह ने बताया कि वीडियो के माध्यम से उन्हें स्टीमर में श्रद्धालुओं द्वारा लाइफ जैकेट उतारकर वीडियो और रील बनाने की जानकारी मिली है। इससे पहले भी वृंदावन से एक स्टीमर में निर्धारित संख्या से अधिक श्रद्धालुओं को बैठाए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी।

अपर नगर आयुक्त ने नाविकों को चेतावनी देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। यदि नाविक सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करते, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाते हैं या लाइफ जैकेट से संबंधित नियमों की अनदेखी करते हैं तो संबंधित नाविक का रजिस्ट्रेशन रद्द कर उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने नाविकों के साथ श्रद्धालुओं से भी यमुना में यात्रा के दौरान लाइफ जैकेट पहने रखने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now