संपूर्ण समाधान दिवस में DM-SSP ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं, सदर तहसील के कार्यालयों का...
- 10h ago
रिपोर्ट: आरती शर्मा
मथुरा। सावन मास में होने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मथुरा प्रशासन अलर्ट मोड पर है। जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह और एसएसपी श्लोक कुमार ने तहसील में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर कांवड़ यात्रा से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में सुरक्षा से लेकर सफाई, पेयजल, बिजली, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं तक की व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने कहा कि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी), रोडवेज, विद्युत और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। कांवड़ मार्गों पर स्वच्छता और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था करने के साथ सड़कों और बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं। प्रशासन और पुलिस का प्रयास है कि श्रद्धालु सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण में भगवान शिव के मंदिरों तक पहुंचकर जलाभिषेक और पूजा-अर्चना कर सकें।
पुलिस के मुताबिक, जनपद के 41 शिव मंदिरों में कांवड़ यात्रियों द्वारा जलाभिषेक किया जाता है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी प्रमुख मंदिरों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही प्रमुख कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी।
एसएसपी ने आयोजकों और आमजन से अपील की कि न्यायालय के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए साउंड बॉक्स 12 फीट से अधिक ऊंचाई पर न लगाए जाएं। ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित ध्वनि सीमा के भीतर किया जाए। साथ ही अश्लील या आपत्तिजनक गीतों के प्रसारण की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन की ओर से यह भी कहा गया है कि जिन मार्गों से कांवड़ यात्रा गुजरेगी, वहां स्थित मांस एवं मांसाहार की दुकानें यात्रा के दौरान बंद रखी जाएंगी। प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि सावन में कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो सके।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर