हरिद्वार में दर्दनाक हादसा: गंगा में डूबे चार कांवड़िये, रेस्क्यू टीम ने बरामद किए शव

  • 15h ago
  • 144 views


हरिद्वार। कांवड़ यात्रा के बीच हरिद्वार में दर्दनाक हादसा हो गया। ज्वालापुर क्षेत्र में गंगा नहर में स्नान के दौरान चार कांवड़ियों की डूबने से मौत हो गई। चारों युवक चंडीगढ़ से कांवड़ यात्रा पर हरिद्वार पहुंचे थे।

जानकारी के मुताबिक, कांवड़ियों का एक दल हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहा था। ज्वालापुर क्षेत्र में जटवाड़ा पुल के पास दल के कुछ युवक पानी में नहाने के लिए उतरे। इसी दौरान चार युवक गहरे पानी की चपेट में आ गए और डूबने लगे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही जल पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद चारों युवकों के शव पानी से बाहर निकाले गए। शवों को जिला अस्पताल भेजा गया और मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पानी की गहराई और सिल्ट के कारण खतरा बना हुआ था। प्रशासन ने कांवड़ियों और अन्य श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे केवल निर्धारित और सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करें तथा प्रतिबंधित क्षेत्रों में पानी में न उतरें।

कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंच रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की ओर से संवेदनशील स्थानों पर पुलिस, जल पुलिस और आपदा राहत टीमों को तैनात किया गया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now