आगरा के एकलव्य स्टेडियम हॉस्टल से राष्ट्रीय खिलाड़ी लापता, CCTV मिले बंद - परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप

  • 13h ago
  • 142 views


आगरा। आगरा के एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम के हॉस्टल से राष्ट्रीय स्तर का टेबल टेनिस खिलाड़ी वंश सिंह लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस को मामले की सूचना दी। घटना के बाद पुलिस ने खिलाड़ी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं हॉस्टल में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

जानकारी के मुताबिक, नगला छऊआ निवासी वंश सिंह पिछले करीब चार वर्षों से एकलव्य स्टेडियम के हॉस्टल में रहकर टेबल टेनिस का प्रशिक्षण ले रहा है। वह अंडर-17 वर्ग में राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका है और कई पुरस्कार भी हासिल कर चुका है। वंश के बड़े भाई ध्रुव भी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी बताए गए हैं।

वंश के पिता शैलेश सिंह के मुताबिक, गुरुवार शाम उन्हें स्टेडियम की ओर से फोन आया था और बेटे के झगड़ा करने की बात बताते हुए उसे हॉस्टल से ले जाने के लिए कहा गया। इसके बाद परिवार की ओर से वंश के बड़े भाई को हॉस्टल भेजा गया, जहां कथित तौर पर शुक्रवार को उसे ले जाने की बात कही गई।

परिजनों का कहना है कि शुक्रवार सुबह जब वे हॉस्टल पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि वंश सुबह करीब पांच बजे बिना सूचना के कहीं चला गया है। इसके बाद परिवार ने स्कूल सहित संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परेशान परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया।

पुलिस ने हॉस्टल पहुंचकर सीसीटीवी कैमरों की जांच करने का प्रयास किया, लेकिन कैमरे बंद मिले। इसके बाद पुलिस ने वंश की तलाश के लिए स्मार्ट सिटी कंट्रोल रूम और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगालनी शुरू कर दी।

मामले में परिजनों ने हॉस्टल में वंश के साथ मारपीट किए जाने का आरोप भी लगाया है। वहीं स्टेडियम प्रशासन की ओर से मारपीट की जानकारी से इनकार करते हुए शिकायत मिलने पर जांच कराने की बात कही गई है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक खिलाड़ी की तलाश के लिए टीम लगाई गई है और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now