श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश लेकर कोसीकलां पहुंची काठिया बाबा की ब्रज चौरासी कोस यात्रा, पुष्पवर्षा से हुआ भव्य स्वागत

  • संवाददाता: देवेश गौड़
  • 15h Ago 99 Views


कोसीकलां में गुरुवार को ब्रज की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत की अद्भुत झलक देखने को मिली। ब्रज विदेही चतुर संप्रदाय के महंत स्वामी संत रास बिहारीदास काठिया बाबा के निर्देशन में निकली ब्रज चौरासी कोस यात्रा कोसीकलां पहुंची, जहां नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया।

रामलीला मैदान से निकली शोभायात्रा के नगर में प्रवेश करते ही पूरा वातावरण श्रीकृष्ण के जयकारों से गूंज उठा। यात्रा में शामिल साधु-संतों के दर्शन और सेवा के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया। शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई गयालाल स्मृति भवन पहुंची।

यात्रा के दौरान साधु-संतों ने विभिन्न आध्यात्मिक और सांस्कृतिक कलाओं की प्रस्तुति दी, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा नगर कृष्णमय नजर आया।

ब्रज चौरासी कोस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को ब्रज की गौरवशाली आध्यात्मिक परंपरा, श्रीकृष्ण भक्ति और संत सेवा का संदेश दिया गया। यात्रा के समापन पर नगरवासियों की ओर से भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें साधु-संतों और श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

शोभायात्रा में पूर्व पालिकाध्यक्ष भगवत रूहेला, धर्मवीर शर्मा, धर्मवीर अग्रवाल, राहुल अग्रवाल एडवोकेट, संजय पटवारी, स्पर्श गोयल, सुभाष अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, द्वारिका शर्मा, ब्रजबिहारी आढ़ती और अवधेश गुप्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे। श्रद्धालु भक्ति भाव के साथ जयकारे लगाते हुए यात्रा में चलते नजर आए।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now