कमलनाथ की 26 बीघा जमीन हड़पने की साजिश का खुलासा, फर्जी डेथ सर्टिफिकेट और वसीयत से कब्जे की कोशिश

  • 12h Ago 100 Views


उत्तर प्रदेश के बिजनौर से जमीन से जुड़ी धोखाधड़ी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पिता महेंद्रनाथ की नजीबाबाद तहसील क्षेत्र स्थित करीब 26 बीघा कृषि भूमि को कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने की कोशिश का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के मुताबिक, जमीन बिजनौर के नजीबाबाद तहसील के अमीखानपुर गांव में है। कमलनाथ ने 18 मई 2026 को जमीन की विरासत अपने नाम दर्ज कराने के लिए तहसील में आवेदन किया था। इसके बाद मामले में कथित फर्जीवाड़े की जानकारी सामने आई।

पुलिस के अनुसार, जमीन पर दावा मजबूत करने के लिए कमलनाथ के पिता महेंद्रनाथ के नाम कथित तौर पर फर्जी वसीयत और मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार किया गया। पुलिस के मुताबिक मृत्यु प्रमाण पत्र में महेंद्रनाथ की मृत्यु 10 अप्रैल 2003 दर्शाई गई, जबकि कमलनाथ की शिकायत के अनुसार उनके पिता का निधन 7 सितंबर 2004 को दिल्ली में हुआ था।

मामले में कमलनाथ की शिकायत पर नजीबाबाद थाने में चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने धर्मपाल सिंह और विजय शंकर पांडेय को गिरफ्तार किया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी बताई गई है।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से विजय शंकर पर कथित फर्जी वसीयत तैयार करने का आरोप है। वहीं मामले में नामजद लेखपाल की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

बताया गया है कि अमीखानपुर में महेंद्रनाथ के नाम करीब 90 बीघा जमीन बताई गई है, जिसमें से 26 बीघा जमीन को लेकर यह विवाद सामने आया है। बाकी जमीन से जुड़े रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now