6 लाख रुपये हड़पने के लिए रची लूट की झूठी कहानी, दो आरोपी गिरफ्तार

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 9h Ago 123 Views


मथुरा। थाना राया क्षेत्र में 6 लाख रुपये हड़पने के लिए फर्जी लूट की पटकथा रचने वाले दो आरोपियों को मथुरा पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। थाना राया पुलिस, SOG, स्वाट और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गबन किए गए पूरे 6 लाख रुपये बरामद कर लिए।

पुलिस के मुताबिक, 1 अक्टूबर को वादी ने थाना राया में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसका एजेंट कुलदीप सिंह बैंक से 6 लाख रुपये निकालकर मथुरा ला रहा था। इसी दौरान राया कस्बे के पास हाईवे पर बदमाशों ने कथित तौर पर लूट की वारदात को अंजाम दे दिया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस को मामले में कई बातें संदिग्ध लगीं। कड़ी पूछताछ में कुलदीप सिंह ने पूरी साजिश का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि 29 सितंबर को वादी ने उसके खाते में 6 लाख रुपये जमा कराकर बैंक से निकालने के लिए कहा था। रकम देखकर उसकी नीयत बदल गई और उसने अपने साथी अजीत के साथ मिलकर रुपये हड़पने की योजना बनाई।

कुलदीप ने इगलास बैंक से 3 लाख रुपये और ग्रामीण बैंक बैसमा से 3 लाख रुपये निकाले। इसके बाद बैसमा गांव के बाहर उसने बैग से पूरे 6 लाख रुपये निकालकर अपने साथी अजीत को सौंप दिए। दोनों ने रकम को ग्राम हरोथा में छिपा दिया।

इसके बाद साजिश के तहत कुलदीप ने अपनी मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा खुद क्षतिग्रस्त कर दिया और हाईवे पर खाली बैग फेंककर वादी तथा डायल-112 को फर्जी लूट की सूचना दे दी।

पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के ग्राम हरोथा स्थित सरकारी स्कूल के पास आरोपियों की निशानदेही पर छिपाए गए पूरे 6 लाख रुपये बरामद कर लिए।

पत्रकार वार्ता में एसपी क्राइम श्वेता यादव ने बताया कि फर्जी लूट की कहानी रचकर 6 लाख रुपये हड़पने का प्रयास करने वाले कुलदीप सिंह और अजीत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now