नोएडा काम पर गया मजदूर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता, ठेकेदार पर गंभीर आरोप; SSP कार्यालय पहुंचे परिजन

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 1d Ago 173 Views


मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र के गोविंदपुर से एक मजदूर के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। मजदूर को पड़ोस का ही एक ठेकेदार काम के सिलसिले में नोएडा लेकर गया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर आरोप लगाते हुए किसी अनहोनी की आशंका जताई है। परेशान परिवार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायती पत्र सौंपा और लापता मजदूर की सकुशल बरामदगी की मांग की है।

मामला गोविंदपुर निवासी मजदूर संतोष कुमार से जुड़ा है। लापता मजदूर के बेटे अतुल कुमार के मुताबिक, 27 सितंबर की देर रात करीब दो बजे पड़ोस में रहने वाला ठेकेदार प्रदीप उनके पिता संतोष को फूलों की सजावट के काम के सिलसिले में नोएडा लेकर गया था।

परिजनों का आरोप है कि 30 सितंबर को जब उन्होंने घर के खर्च के लिए पैसे मांगे और संतोष से बात कराने को कहा, तो ठेकेदार टालमटोल करने लगा। आरोप है कि इसके बाद से न तो मजदूरी के पैसे भेजे गए और न ही संतोष से उनकी बात कराई गई। परिजनों के मुताबिक, घटना के बाद से ठेकेदार भी मथुरा वापस नहीं लौटा है, जिससे परिवार की चिंता और बढ़ गई है।

परिजनों ने आशंका जताई है कि संतोष के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है। इसी को लेकर परिवार ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर पुलिस प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उन्होंने मांग की है कि ठेकेदार से पूछताछ कर संतोष के बारे में जानकारी जुटाई जाए और उसे जल्द से जल्द सकुशल बरामद किया जाए।

फिलहाल संतोष के लापता होने की परिस्थितियों और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। परिवार को अब पुलिस कार्रवाई और संतोष की सुरक्षित वापसी का इंतजार है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now