नगर निगम ने निकाली जन-जागरूकता रैली, 18 दुकानदारों पर लगाया ₹50 हजार का जुर्माना

  • 2d Ago 152 Views


 स्वच्छता ही सेवा 2026 एवं “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” अभियान के तहत मथुरा-वृंदावन को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा बुधवार को कृष्णा नगर क्षेत्र में विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान जन-जागरूकता रैली, रोको-टोको अभियान और पंपलेट वितरण के माध्यम से नागरिकों एवं व्यापारियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष श्री शैलजाकांत मिश्र एवं नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज की मौजूदगी रही। दोनों अधिकारियों ने रैली में सहभागिता करते हुए नागरिकों और व्यापारियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा नगर निगम की स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।

जन-जागरूकता रैली नगर निगम के भूतेश्वर मुख्यालय से शुरू होकर कृष्णा नगर तक निकाली गई। इसमें नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, आईईसी वॉलिंटियर्स, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि, सफाई मित्र एवं कार्यदायी संस्थाओं के कर्मचारी शामिल हुए। रैली के दौरान स्वच्छता संबंधी नारों और संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

रोको-टोको अभियान से दिया स्वच्छता का संदेश

अभियान के दौरान रोको-टोको गतिविधि के माध्यम से लोगों को खुले में कूड़ा नहीं फेंकने, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी नहीं करने, नालियों और नालों में कूड़ा नहीं डालने तथा सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने के लिए जागरूक किया गया।

व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखने और कूड़ा निर्धारित कूड़ेदान अथवा नगर निगम के अधिकृत कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही डालने की अपील की गई। नगर निगम की टीम ने नागरिकों और व्यापारियों को स्वच्छता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए।

18 दुकानदारों पर करीब ₹50 हजार का जुर्माना

अभियान के दौरान दुकानों के सामने गंदगी पाए जाने पर नगर निगम की टीम ने करीब 18 छोटे-बड़े दुकानदारों पर लगभग ₹50 हजार का जुर्माना लगाया। अधिकारियों ने दुकानदारों को प्रतिष्ठानों के सामने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा नालियों में कूड़ा नहीं डालने के निर्देश दिए।

नगर निगम की ओर से बताया गया कि स्वच्छता संबंधी नियमों का उल्लंघन करने पर ₹1,000 तक का जुर्माना एवं नियमानुसार अन्य कार्रवाई की जा सकती है।

‘Chalk of Shame’ से किया जागरूक

नगर निगम की आईईसी टीम ने ‘Chalk of Shame’ गतिविधि के तहत जिन स्थानों पर गंदगी मिली, वहां स्वच्छता संबंधी स्लोगन लिखकर लोगों को जागरूक किया। इस दौरान नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने स्वयं दुकानदारों से बातचीत कर दुकानों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की।

दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठानों के सामने गीले और सूखे कचरे के लिए दो अलग-अलग डस्टबिन रखने तथा ग्राहकों को भी निर्धारित डस्टबिन में कूड़ा डालने के लिए प्रेरित करने को कहा गया।

हर सप्ताह चलेगा अभियान

नगर निगम द्वारा बताया गया कि कृष्णा नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने और लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए यह अभियान प्रत्येक सप्ताह नियमित रूप से चलाया जाएगा।

इस अवसर पर श्री शैलजाकांत मिश्र ने नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और मथुरा-वृंदावन की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।

नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज ने कहा कि स्वच्छ और सुंदर शहर के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है। नगर निगम द्वारा स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ जन-जागरूकता पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से स्वयं स्वच्छता का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

अभियान के दौरान लोगों को संदेश दिया गया— “हम सबने ठाना है, ब्रज को स्वच्छ बनाना है” और “स्वच्छता अपनाएं, शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाएं।”

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now