कान्हा की नगरी में गूंजे प्रभु श्रीराम के जयकारे, रामलीला महोत्सव का भव्य शुभारंभ

  • संवाददाता: पवन शर्मा
  • 1h Ago 64 Views


कान्हा की नगरी मथुरा में इन दिनों प्रभु श्रीराम की लीलाओं की धूम देखने को मिल रही है। श्री बाल रामलीला कमेटी के तत्वावधान में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव में श्रद्धालु भगवान श्रीराम की लीलाओं का आनंद ले रहे हैं। महोत्सव के दूसरे दिन श्री राम वाटिका में गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन पर आधारित लीला का भव्य मंचन किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में रामभक्त पहुंचे। इस दौरान प्रभु श्रीराम के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।

मथुरा में आयोजित श्रीरामलीला महोत्सव के माध्यम से श्रद्धालुओं को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों और उनकी लीलाओं से जुड़ने का अवसर मिल रहा है। श्री राम वाटिका में आयोजित लीला के दौरान गोस्वामी तुलसीदास जी के जीवन प्रसंगों का मंचन किया गया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़े इस आयोजन को लेकर रामभक्तों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

श्री बाल रामलीला कमेटी के प्रधानमंत्री योगेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि श्री राम वाटिका में प्रतिदिन शाम 7:30 बजे से रामलीला का मंचन किया जाएगा। इसी क्रम में शनिवार को शिव-पार्वती लीला का आयोजन होगा।

कमेटी की ओर से धर्मप्रेमी जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर रामलीला महोत्सव का आनंद लेने की अपील की गई है। आयोजकों का उद्देश्य प्रभु श्रीराम की लीलाओं के माध्यम से धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ ही भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now