जयपुर में ब्लैक थार का खतरनाक स्टंट, बीच चौराहे पर लगाए 10 चक्कर, बाल-बाल बचा युवक

  • 7h Ago 70 Views


राजस्थान की राजधानी जयपुर से खतरनाक स्टंटबाजी का एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है। यहां एक ब्लैक थार चालक ने बीच चौराहे पर गाड़ी को तेज रफ्तार में घुमाकर करीब 10 चक्कर लगाए। इस दौरान स्टंट का वीडियो बना रहा एक युवक गाड़ी की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।

मामला जयपुर के वैशाली नगर इलाके में स्थित आम्रपाली सर्किल का है। जानकारी के मुताबिक, 7 नवंबर की सुबह करीब साढ़े पांच बजे ब्लैक थार चालक ने सड़क पर खतरनाक स्टंट करना शुरू कर दिया। चालक गाड़ी को एक ही स्थान पर तेजी से गोल-गोल घुमाता रहा, जिससे आसपास मौजूद लोगों में डर का माहौल बन गया।

सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस दौरान एक युवक थार के बेहद करीब खड़े होकर मोबाइल से वीडियो बना रहा था। अचानक घूमती हुई थार उसके बेहद नजदीक पहुंच गई और युवक किसी तरह गाड़ी की चपेट में आने से बच गया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वैशाली नगर थाना पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर चालक की पहचान करने में जुटी है।

फिलहाल पुलिस का कहना है कि चालक की पहचान होने के बाद उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील बनाने के लिए सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक स्टंट करने के चलन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now