राजीव एकेडमी के दिवाली हाट-2026 में उमड़ा खुशियों का सैलाब

  • 16h Ago 125 Views


मथुरा। राजीव एकेडमी फॉर टेक्नोलॉजी एंड मैनेजमेंट, मथुरा में दिवाली हाट-2026 का भव्य आयोजन किया गया। रोशनी, संगीत, स्वादिष्ट व्यंजनों और मनोरंजक गतिविधियों से सजे इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने जमकर मस्ती की। पूरे संस्थान परिसर में दीपावली के उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने फूड स्टॉल, म्यूजिक, डांस और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस वर्ष दिवाली हाट की खास थीम 'फॉर स्टूडेंट्स, बाय स्टूडेंट्स' रही। इसके अंतर्गत आयोजन की योजना बनाने से लेकर व्यवस्थाओं और गतिविधियों के संचालन तक की जिम्मेदारी विद्यार्थियों ने संभाली। इस पहल के माध्यम से छात्र-छात्राओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता, टीम वर्क और प्रबंधन कौशल दिखाने का अवसर मिला। साथ ही उन्हें उद्यमिता का व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में खान-पान के आकर्षक स्टॉल, संगीत और नृत्य की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम का संचालन नेहल कौशिक, श्रेष्ठ रावत, प्रिया यादव, मुस्कान और प्राची सक्सेना ने किया। आयोजन को सफल बनाने में प्रो. मोहम्मद जाहिद, प्रो. दीपक सिंह एवं डॉ. मनीष उपाध्याय का विशेष योगदान रहा।

कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण लकी ड्रॉ रहा, जिसमें कुल 20 आकर्षक उपहार रखे गए थे। बीबीए तृतीय सेमेस्टर के तरुण अग्रवाल ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वहीं बीसीए प्रथम सेमेस्टर की खुशी शुक्ला को द्वितीय और इसी सेमेस्टर के आशीष फौजदार को तृतीय पुरस्कार मिला। इसके अलावा 17 अन्य विद्यार्थियों को भी आकर्षक उपहार प्रदान किए गए। पुरस्कारों में कंबल, इलेक्ट्रिक केतली, डिनर सेट, ईयरबड्स, सेल्फी स्टैंड, नेकबैंड, ब्लूटूथ स्पीकर, लंच बॉक्स और वाटर बॉटल जैसी उपयोगी वस्तुएं शामिल रहीं।

इस अवसर पर संस्थान के चेयरमैन डॉ. आर.के. अग्रवाल ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किताबी ज्ञान के साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने और उनकी प्रतिभा को निखारने का काम करते हैं।

संस्थान के निदेशक डॉ. अमर कुमार सक्सेना ने कहा कि दिवाली हाट विद्यार्थियों के लिए केवल मनोरंजन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि नेतृत्व क्षमता, प्रबंधन कौशल और टीम वर्क सीखने का एक प्रभावी मंच है।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों ने दिवाली हाट-2026 को यादगार आयोजन बताया और भविष्य में भी इस परंपरा को जारी रखने की इच्छा जताई। रंगारंग प्रस्तुतियों, आकर्षक उपहारों और उत्साहपूर्ण सहभागिता ने इस आयोजन को यादगार बना दिया।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now