जानलेवा हमले के पीड़ित बेटे को एंबुलेंस में लेकर SSP कार्यालय पहुंची मां, पुलिस पर आरोपियों को बचाने का लगाया आरोप

  • 2 days ago
  • 188 views


मथुरा। मथुरा में इंसाफ की गुहार लगाती एक बुजुर्ग मां की तस्वीर ने सभी को भावुक कर दिया। शुक्रवार को वह अपने जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल और चलने-फिरने में असमर्थ बेटे को एंबुलेंस से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्यालय पहुंची। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि मामले में नामजद आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पीड़ित व्यापारी प्रदीप जैन के परिजनों के अनुसार, 14 मई को वह अपने पैतृक गांव चंदौरी में खेत पर कार्य करा रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उन पर कथित रूप से जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर उनकी लाइसेंसी रिवॉल्वर, नकदी और सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की ओर से निरजो, भोजराज, लोकेश, रामगोपाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ नामजद एवं अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पीड़ित की मां ओमवती का आरोप है कि उनका बेटा आज भी गंभीर हालत में है और चलने-फिरने में असमर्थ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस मामले में नामजद आरोपियों के नाम हटाने का प्रयास कर रही है, जबकि जांच का दायरा बढ़ाकर अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने लाई जानी चाहिए। इसी मांग को लेकर वह अपने बेटे को एंबुलेंस से SSP कार्यालय लेकर पहुंचीं और निष्पक्ष जांच की मांग की।

पीड़ित परिवार के प्रतिनिधि कन्हैया लाल गोयल ने भी आरोप लगाया कि मामले में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।

पुलिस की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now