गोवर्धन के युवाओं के लिए सुनहरा अवसर, अब गांव में मिलेगा उद्योग आधारित प्लंबिंग कौशल प्रशिक्षण

  • 3 days ago
  • 143 views


गोवर्धन। ग्रामीण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। कृष्णाश्रय गुरुकुल, सेडी (जतीपुरा) में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि 10 जुलाई को आधुनिक प्लंबिंग प्रशिक्षण लैब का उद्घाटन किया जाएगा। इसके साथ ही 'प्लंबर जनरल' कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी शुभारंभ होगा।

यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कृष्णाश्रय फ़ाउंडेशन और अंबुजा फ़ाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से संचालित किया जाएगा, जबकि द सुप्रीम इंडस्ट्रीज लिमिटेड तकनीकी सहयोग प्रदान करेगी। प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को प्लंबिंग, पाइप फिटिंग, पाइप इंस्टॉलेशन, मरम्मत कार्य, रखरखाव और सुरक्षा मानकों से जुड़ा व्यावहारिक एवं उद्योग आधारित प्रशिक्षण दिया जाएगा।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़कर उन्हें रोजगार के योग्य बनाना है, ताकि वे निजी कंपनियों में नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकें।

उन्होंने बताया कि कृष्णाश्रय गुरुकुल के माध्यम से अब तक 3,500 से अधिक युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में कौशल प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जिससे अनेक युवाओं को रोजगार प्राप्त हुआ है। संस्था का लक्ष्य अधिक से अधिक ग्रामीण युवाओं को तकनीकी रूप से सक्षम बनाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now