दिल्ली के सरकारी स्कूल के मिड-डे मील में मिली मरी हुई छिपकली, FIR दर्ज

  • 6 days ago
  • 190 views


नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के हरिनगर स्थित राजकीय सर्वोदय (सह-शिक्षा) विद्यालय में बच्चों को परोसे जाने वाले मिड-डे मील के एक कंटेनर में मरी हुई छिपकली मिलने से हड़कंप मच गया। घटना सामने आते ही स्कूल प्रशासन ने भोजन का वितरण तत्काल रोक दिया और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, 3 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे एक एनजीओ द्वारा चावल और चना दाल सहित मिड-डे मील स्कूल पहुंचाया गया था। भोजन सीलबंद कंटेनरों में लाया गया और वितरण से पहले अधिकारियों तथा मिड-डे मील समिति की मौजूदगी में उसकी जांच भी की गई। भोजन वितरण के दौरान एक हेल्पर की नजर कंटेनर में पड़ी मरी हुई छिपकली पर गई, जिसके बाद तुरंत वितरण रोक दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और भोजन के नमूने तथा छिपकली को जांच के लिए सुरक्षित कर लिया। हरिनगर थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125 (जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने से संबंधित) के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

राहत की बात यह रही कि घटना के समय तक किसी भी छात्र या स्कूल कर्मचारी के बीमार होने या फूड पॉइजनिंग की कोई सूचना नहीं मिली। पुलिस और शिक्षा विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और भोजन आपूर्ति में हुई लापरवाही की जिम्मेदारी तय की जाएगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now