वृन्दावन में संतों की हुंकार, बोले — सनातन को मजबूत करने के लिए तोड़नी होंगी जातिवाद की बेड़ियां

  • 62 days ago
  • 248 views


धर्मनगरी वृन्दावन में सोमवार को भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिला। महामंडलेश्वर स्वामी योगी नवल गिरि महाराज के सान्निध्य में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें ब्रज के संतों, धर्माचार्यों और शहर के गणमान्य लोगों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान अखंड भारत और सामाजिक एकता का संकल्प भी लिया गया।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर योगी नवल गिरि महाराज ने कहा कि सनातन धर्म को मजबूत करने के लिए समाज को जातिवाद की बेड़ियों से बाहर निकलना होगा। उन्होंने कहा कि जब तक समाज जाति के नाम पर बंटा रहेगा, तब तक सनातन की वास्तविक शक्ति सामने नहीं आ सकेगी। संतों ने सामाजिक समरसता और एकजुटता का संदेश देते हुए लोगों से आपसी भेदभाव मिटाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद के प्रांतीय अध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, प्रथम पहल फाउंडेशन के संस्थापक सीए अमित अग्रवाल, आगरा मंडल के हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. दिवाकर गोयल सहित अनेक प्रतिष्ठित लोग उपस्थित रहे।

सीए अमित अग्रवाल ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी विशाल भंडारे का आयोजन भव्य रूप से किया गया है, जिसमें ब्रज के अनेक महामंडलेश्वर और संत शामिल हुए हैं।

भंडारे में सुबह से शाम चार बजे तक हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। मध्य प्रदेश से आए महाराज जी के शिष्यों ने भी इस आयोजन को अपना सौभाग्य बताया। संतों के आशीर्वचन, सेवा कार्य और सामाजिक समरसता के संदेश से पूरा वृन्दावन भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

 
🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now