वृंदावन में अवैध निर्माण से धंसा मकान, टला बड़ा हादसा; नगर निगम ने रुकवाया निर्माण कार्य

  • 2 days ago
  • 188 views


वृंदावन। तराश मंदिर कॉलोनी में अवैध निर्माण के चलते एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यहां एक तीन मंजिला मकान की नींव उठाने का कार्य कथित रूप से निर्माण मानकों की अनदेखी कर किया जा रहा था। हैरानी की बात यह रही कि नीचे निर्माण कार्य जारी था, जबकि मकान की ऊपरी मंजिलों पर किरायेदार रह रहे थे।

स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने से आसपास के मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं और एक मकान जमीन में धंस गया। सड़क पर मलबा फैलने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते लोगों को सतर्क कर दिए जाने से कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाते हुए संबंधित भवन को खाली करने का नोटिस चस्पा कर दिया। साथ ही निर्माण करा रहे ठेकेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

घटना के दौरान स्थानीय लोगों ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध निर्माण हो रहे हैं, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती, जिसके कारण लोगों की जान-माल पर खतरा मंडराता रहता है।

फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है और भवन की सुरक्षा के साथ-साथ निर्माण संबंधी नियमों के उल्लंघन की भी जांच की जा रही है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now