सरहद पर जवान, घर पर अत्याचार: मथुरा में एयरफोर्स जवान की पत्नी से मारपीट, SSP से लगाई न्याय की गुहार

  • 69 days ago
  • 312 views


मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि सरहद पर तैनात एक वायु सेना के जवान की पत्नी को गांव के दबंगों ने बीच खेत में घसीटकर बेरहमी से पीटा।

मामला नगला खारी गांव का है, जहां एयरफोर्स जवान कपिल की पत्नी सीनू अपने वृद्ध और लकवाग्रस्त ससुर के साथ रहती हैं। पीड़िता का आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग उनकी पुश्तैनी जमीन पर जबरन कब्जा कर निर्माण कर रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने उन्हें जमीन पर पटककर घसीटा और जान से मारने की धमकी दी। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने डॉक्टरी परीक्षण के बावजूद मुकदमा दर्ज नहीं किया। इतना ही नहीं, जब उनका देवर स्टे के कागजात लेकर थाने पहुंचा तो पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय उसे ही धमकाया।

न्याय की आस में पीड़िता समाजसेवी अधिवक्ता जय श्री वास्तव के साथ श्लोक कुमार से मिलीं और पूरे मामले की शिकायत की। एसएसपी ने पीड़िता को निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

यह घटना न केवल कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि यह भी सोचने पर मजबूर करती है कि जो जवान देश की रक्षा कर रहे हैं, उनके परिवार कितने सुरक्षित हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now