स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 10h ago
मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र की बीएसए चौकी के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग के पास मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान हंसराज कॉलोनी निवासी गोपाल कश्यप के रूप में हुई है। गोपाल पेशे से ट्रैक्टर चालक था और सोमवार से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया और शादी वाले घर की खुशियां पलभर में गम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार, गोपाल के माता-पिता अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए कासगंज गए हुए थे। इसी दौरान गोपाल अचानक घर से लापता हो गया। जब परिजन शादी से लौटे और बेटे का कोई पता नहीं चला, तो उन्होंने रिश्तेदारों और परिचितों के यहां उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला।
इसी बीच सोशल मीडिया पर राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे मिले एक अज्ञात युवक के शव की फोटो और वीडियो वायरल हुई। तस्वीर देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। वे तत्काल पुलिस के संपर्क में पहुंचे और पोस्टमार्टम हाउस जाकर शव की शिनाख्त गोपाल कश्यप के रूप में की। यह दृश्य देखकर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के चाचा ने बताया कि गोपाल एक सीधा-सादा और मेहनती युवक था, जो ट्रैक्टर चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने में सहयोग करता था। उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी। ऐसे में उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह परिवार की समझ से परे है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हत्या और सड़क हादसे, दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच कर रही है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर