पेंशन की मांग को लेकर लालपुर में महिलाओं का हल्लाबोल, देर रात तक चला धरना

  • संवाददाता: खन्ना सैनी
  • 5h Ago 88 Views


गोवर्धन। पेंशन की समस्या और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलने से नाराज महिलाओं का आक्रोश आखिरकार सड़क पर दिखाई दिया। विकासखंड गोवर्धन के गांव लालपुर में विधवा, दिव्यांग और वृद्ध महिलाओं के साथ 60 वर्ष से अधिक उम्र के किसानों ने पेंशन एवं सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन किया। नेशनल फेडरेशन ऑफ इंडियन वूमेन (NFIW) उत्तर प्रदेश महिला फेडरेशन, मथुरा के बैनर तले आयोजित इस धरने में लंबे समय से रुकी पेंशन जारी कराने और पात्र लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए ब्लॉक स्तर पर विशेष कैंप लगाने की मांग की गई।

धरने के दौरान जिला संयोजक एवं मंत्री राधा चौधरी ने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक नहीं पहुंच पा रहा है। विधवा महिलाएं, दिव्यांग और बुजुर्ग किसान अपनी पेंशन के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाए और पेंशन प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।

धरने की सूचना मिलने पर देर रात सीओ गोवर्धन अनिल कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। सीओ ने संबंधित अधिकारियों के माध्यम से नियमानुसार समस्याओं का समाधान कराने का आश्वासन दिया।

पुलिस अधिकारी के आश्वासन के बाद संगठन ने देर रात धरना समाप्त कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने उम्मीद जताई कि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई होगी।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now