वृंदावन पुलिस ने कानपुर से लापता बालिका को सकुशल बरामद किया, परिजनों के किया सुपुर्द...
- 12m ago
गोविन्दनगर (मथुरा)। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को थाना गोविन्दनगर पुलिस की मिशन शक्ति टीम ने जागरूकता अभियान चलाया। एसएसपी मथुरा के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा के उपायों और सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं एवं छात्राओं को बताया कि बस, सार्वजनिक परिवहन, बाजार, रास्तों अथवा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मनचलों और शोहदों द्वारा छेड़छाड़ या किसी प्रकार की अभद्रता किए जाने पर डरने अथवा चुप रहने की जरूरत नहीं है। ऐसी घटनाओं की तत्काल शिकायत महिला पावर लाइन 1090 पर की जा सकती है। इसके अलावा संबंधित थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराने के लिए भी जागरूक किया गया।
पुलिसकर्मियों ने सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर जैसे प्लेटफॉर्म का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। छात्राओं को समझाया गया कि पर किसी अनजान व्यक्ति के साथ अपनी निजी जानकारी, फोटो या अन्य महत्वपूर्ण विवरण साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी अथवा ऑनलाइन उत्पीड़न होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं।
इस दौरान महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की विस्तृत जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं के लिए एम्बुलेंस सेवा 102, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, अग्निशमन सेवा 101 तथा साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। पुलिस टीम ने सभी हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता बताते हुए जरूरत पड़ने पर इनका लाभ उठाने की अपील की।
अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों के प्रति भी जागरूक किया गया। पुलिस टीम ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही छात्राओं से स्वयं जागरूक बनने और अपने परिवार एवं आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
इसके अतिरिक्त मिशन शक्ति पुलिस टीम ने छात्राओं को उत्तर प्रदेश सरकार की मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने बताया कि इस योजना के अंतर्गत संघ लोक सेवा आयोग (UPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC), नीट (NEET), जेईई (JEE), एनडीए (NDA) एवं सीडीएस (CDS) सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से निःशुल्क कोचिंग तथा विषय विशेषज्ञों का मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है।
पुलिस टीम ने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है, ताकि आर्थिक संसाधनों की कमी किसी भी विद्यार्थी की सफलता के रास्ते में बाधा न बन सके। छात्राओं को इस योजना का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से गोविन्दनगर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं को संदेश दिया कि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें, किसी भी प्रकार के उत्पीड़न को नजरअंदाज न करें और जरूरत पड़ने पर पुलिस एवं सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई सहायता सेवाओं का निःसंकोच उपयोग करें।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर