मथुरा में ट्रैफिक पुलिस का ताबड़तोड़ एक्शन! 1789 वाहन चालकों के कटे चालान

  • संवाददाता: आकाश शर्मा
  • 7h Ago 105 Views


जनपद में यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए यातायात पुलिस द्वारा यातायात माह नवंबर 2026 के तहत जागरूकता एवं चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को यातायात पुलिस ने इस्लामिया इंटर कॉलेज, भरतपुर गेट में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 1789 चालान किए गए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मथुरा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक यातायात एवं क्षेत्राधिकारी यातायात के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस की टीम ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। साथ ही कम उम्र में वाहन न चलाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की गई। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकगण मौजूद रहे। इसके बाद यातायात पुलिस की टीम ने शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त स्थानों पर पहुंचकर आमजन को जागरूक किया। पुलिसकर्मियों ने वाहन चालकों को पंपलेट वितरित किए और यातायात नियमों से संबंधित पुस्तिकाएं देकर सुरक्षित वाहन चलाने का संदेश दिया।

यातायात पुलिस द्वारा नशे की हालत में वाहन चलाने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जनसंदेश अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की कि शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं और सड़क पर अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जान का भी ध्यान रखें।

1789 वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई

यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती भी दिखाई। दैनिक चेकिंग अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 1789 वाहन चालकों के चालान किए गए। पुलिस का कहना है कि यातायात माह के दौरान जागरूकता और प्रवर्तन की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now