पैरोल पर आए बदमाश ने महिला से की लूट पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचे

  • 67 days ago
  • 248 views


मथुरा में बेखौफ बदमाशों और खाकी के बीच एक बार फिर सीधी मुठभेड़ हुई है। मर्डर के मामले में पैरोल पर बाहर आए एक शातिर अपराधी ने जेल से छूटते ही अपने साथी के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम दिया था। लेकिन मथुरा की कोसीकलां पुलिस ने महज कुछ ही दिन में इन लुटेरों का ऐसा इलाज किया कि दोनों अब सीधे अस्पताल के बेड पर पहुंच चुके हैं। न्यू कोसी कामर रोड पर हुई इस लाइव मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है।

पूरी घटना थाना कोसीकलां क्षेत्र की है, जहां बीती 29 अप्रैल को इन बदमाशों ने एक महिला से कुंडल लूटने की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस लगातार इन लुटेरों की तलाश में थी। आज यानी 6 मई को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने न्यू कोसी कामर रोड तिराहे पर घेराबंदी की। खुद को घिरा देख शातिर बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ 6 राउंड फायर झोंक दिए। इस दुस्साहसिक हमले में कोसीकलां थाने के कांस्टेबल राकेश के हाथ में चोट आई है।

एसएसपी श्लोक करने बताया कि बदमाशों की फायरिंग के बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की तरफ से हुई फायरिंग में मुख्य आरोपी दुष्यंत और उसके साथी सौरभ के पैर में गोली लग गई घायल बदमाशों  को अस्पताल भेजा गया है।

पकड़े गए बदमाशों की पहचान हरियाणा के पलवल निवासी दुष्यंत और सौरभ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक दुष्यंत एक बेहद शातिर अपराधी है, जिस पर पलवल और मथुरा में हत्या लूट और आर्म्स एक्ट जैसे करीब 12 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह मर्डर केस में पैरोल पर बाहर आया हुआ था। मौके से पुलिस को लूटे गए पीले धातु के 2 कुंडल, 2 अवैध तमंचे, 4 जिंदा कारतूस, 6 खोखे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद हुई है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now