मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत मथुरा पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

  • 13h Ago 68 Views


महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को लेकर मथुरा पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना कोतवाली की शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, उनके अधिकारों और महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान महिलाओं और बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, बसों और रास्तों पर छेड़छाड़ की घटनाओं का सामना करने पर डरने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया गया।

पुलिस टीम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य माध्यमों का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह भी दी। इसके अलावा महिलाओं और बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया।

इस दौरान विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके साथ ही एंबुलेंस सेवा 102 व 108 और अग्निशमन सेवा 101 के बारे में भी बताया गया।

मथुरा पुलिस का उद्देश्य मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक करना और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के प्रयासों को मजबूत करना है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now