मिशन शक्ति अभियान के तहत राया पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को किया जागरूक

  • 13h Ago 112 Views


मथुरा में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 12 अक्टूबर 2026 को मिशन शक्ति फेज-6.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत थाना राया की शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा महिला संबंधी अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मरक्षा, गुड टच और बैड टच के बारे में जानकारी दी। साथ ही बसों, रास्तों और सार्वजनिक स्थानों पर छेड़छाड़ की घटनाओं का सामना करने पर भयभीत होने के बजाय तत्काल पुलिस से संपर्क करने और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया।

पुलिसकर्मियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, फेसबुक, इंस्टाग्राम और अन्य माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। इसके साथ ही महिलाओं एवं बालिकाओं को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने के लिए कहा गया।

इस दौरान महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। इनमें मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, वीमेन पावर लाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एंबुलेंस सेवा 102 व 108 और अग्निशमन सेवा 101 के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

मथुरा पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाने, उनमें आत्मविश्वास बढ़ाने और महिला सुरक्षा के प्रति सामाजिक सहभागिता मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now