मथुरा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़! महिला श्रद्धालुओं से लूट करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

  • संवाददाता: ब्रजवासी लाल
  • 16h Ago 382 Views


मथुरा में महिला श्रद्धालुओं से लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना जैत पुलिस, सर्विलांस टीम और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान गोवर्धन-राल रोड पर पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दूसरे साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को राधाकुंड रोड छटीकरा और मघेरा मंदिर, राल के पास दो अलग-अलग घटनाओं में बाइक सवार बदमाशों ने टेंपो और ई-रिक्शा में सफर कर रही महिला श्रद्धालुओं के पर्स छीन लिए थे। लूटे गए सामान में मोबाइल फोन, नकदी, एटीएम कार्ड और आधार कार्ड शामिल थे। इन घटनाओं के संबंध में थाना जैत में मुकदमे दर्ज किए गए थे।

12 नवंबर की देर रात नगला पिसावा मोड़ के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग के दौरान बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में जगदीश उर्फ काले घायल हो गया, जबकि उसके साथी रामकिशन को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 11,500 रुपये, दो मोबाइल फोन, दो एटीएम कार्ड, दो आधार कार्ड, .315 बोर का तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी जगदीश उर्फ काले का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ मथुरा के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत करीब 14 मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now