आगरा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार बाइक ने छीनी दो दोस्तों की जिंदगी, तीसरा अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा

  • संवाददाता: दिलीप अग्रवाल
  • 4h Ago 90 Views


आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। आगरा किले के सामने रामलीला मैदान के गेट के पास मंगलवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर की रेलिंग तोड़ते हुए किले के पास की दीवार से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों युवक कई फीट उछलकर सड़क पर जा गिरे।

इस दर्दनाक हादसे में 16 वर्षीय नैतिक और 19 वर्षीय विशाल की मौत हो गई, जबकि उनका तीसरा साथी 19 वर्षीय प्रेम गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल एसएन मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के मुताबिक, तीनों दोस्त मंगलवार रात बाइक से घूमने निकले थे। रात करीब 11:30 बजे बिजलीघर से रामलीला मैदान की ओर जाते समय घुमावदार मोड़ पर बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। बाइक पहले डिवाइडर की रेलिंग से टकराई और फिर किले के पास की दीवार से जा भिड़ी।

मृतकों की पहचान नैतिक सिंह निवासी सुल्तानपुरा कैंट और विशाल कुमार निवासी मंटोला के रूप में हुई है। वहीं घायल प्रेम सिंह भी मंटोला का रहने वाला है। बताया जा रहा है कि प्रेम और विशाल चचेरे भाई थे।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने नैतिक और विशाल को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

पुलिस के अनुसार, हादसे के समय तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। वहीं घटनास्थल के घुमावदार मोड़ पर पहले भी हादसे हो चुके हैं। पुलिस अधिकारियों ने भविष्य में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा व्यवस्था का सर्वे कराने की बात कही है।

यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार, ट्रिपल राइडिंग और हेलमेट नहीं पहनने के खतरों की याद दिलाता है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now