मथुरा में भीषण सड़क हादसा थार और ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली की भिड़ंत, 6 युवक घायल

  • संवाददाता: किशन कुमार वर्मा
  • 6h Ago 146 Views


मथुरा में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। मांट थाना क्षेत्र के पानीगांव रोड पर गुरुवार तड़के थार कार और ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दुर्घटना में थार सवार छह युवक घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, हादसा गुरुवार सुबह करीब 3 बजे राधारानी कट के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि स्वराज ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंटें लेकर पानीगांव की ओर जा रही थी। इसी दौरान मांट की तरफ से आ रही थार कार की ट्रैक्टर-ट्रॉली से आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही थार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे खाई में जाकर पलट गई।

हादसे में कार सवार छह युवक घायल हो गए। घायलों की पहचान थाना जैत क्षेत्र के गांव भरतिया निवासी हरीबाबू, करन, जगदीश, मोहित, राहुल और कान्हा के रूप में हुई है। तड़के हुए इस हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई।

पानीगांव रोड पर राधारानी कट के समीप हुए इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार से वाहन चलाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now