मथुरा जंक्शन पर तीन युवतियों के साथ मिला रहीस, एक की झारखंड में दर्ज है गुमशुदगी; RPF कर रही पूछताछ

  • संवाददाता: राजेश सोलंकी
  • 4h Ago 110 Views


मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशन पर टिकट चेकिंग के दौरान एक युवक तीन युवतियों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में बैठा मिला। युवक और युवतियों के बयानों में विरोधाभास सामने आने के बाद मामला रेलवे अधिकारियों के संज्ञान में आया। रेलवे मजिस्ट्रेट के निर्देश पर चारों को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया गया। खास बात यह है कि युवक जिस युवती को अपनी पत्नी बता रहा था, उसकी गुमशुदगी झारखंड के एक थाने में दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, बुधवार को रेलवे मजिस्ट्रेट सूरजभान वर्मा और स्टेशन निदेशक सुनील कुमार शर्मा के निर्देश पर सीटीआई शैलेश मिश्रा के नेतृत्व में टिकट चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर दो पर एक युवक तीन युवतियों के साथ बेंच पर बैठा दिखाई दिया। टिकट मांगने पर सभी घबरा गए। युवक ने अपना नाम रहीस अनवर बताया और खुद को बेंगलुरु का निवासी बताया। उसने एक युवती को अपनी पत्नी और बाकी दो को पत्नी की सहेली बताया।

चारों को रेलवे मजिस्ट्रेट की अस्थायी अदालत में ले जाया गया। युवक के आधार कार्ड पर उसका नाम रहीस अनवर दर्ज मिला। वहीं, युवतियों के संबंध झारखंड, धनबाद और दिल्ली से बताए गए। बयानों में विरोधाभास मिलने पर रेलवे मजिस्ट्रेट ने चारों को आरपीएफ के सुपुर्द कर दिया।

आरपीएफ की पूछताछ में सामने आया कि झारखंड निवासी युवती 19 नवंबर को बाजार जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। उसके पिता ने सरायकेला के आदिलपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इस मामले में धनबाद निवासी युवती को नामजद किए जाने की बात भी सामने आई है, जो फिलहाल रहीस के साथ मिली।

वहीं, दिल्ली निवासी तीसरी युवती के बारे में रहीस का कहना है कि वह उसे सफर के दौरान मिली थी। युवती के चाचा-चाची भी उसे लेने आरपीएफ थाने पहुंच गए हैं।

फिलहाल आरपीएफ युवक और तीनों युवतियों से अलग-अलग पूछताछ कर रही है। मामले में कथित लव जिहाद के एंगल सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। हालांकि, अभी किसी भी आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस बयानों और उपलब्ध दस्तावेजों का मिलान कर पूरे मामले की सच्चाई जानने में जुटी है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now