महोली रोड पर कान्हा माखन किड्स प्राइड स्कूल के बाहर रोज लगता जाम, 40-50 मिनट तक थमती ट्रैफिक की रफ्तार

  • 2 days ago
  • 233 views


मथुरा के महोली रोड स्थित कान्हा माखन किड्स प्राइड स्कूल के बाहर रोजाना छुट्टी के समय ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। करीब 40 से 50 मिनट तक लगने वाले जाम से न सिर्फ अभिभावक और स्कूली बच्चे बल्कि आम राहगीर भी परेशान हो रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर इस समस्या का समाधान कब होगा?

महोली रोड पहले से ही अपेक्षाकृत संकरी सड़क है। स्कूल की छुट्टी होते ही बड़ी संख्या में अभिभावक बच्चों को लेने पहुंचते हैं और अपने वाहन सड़क पर ही खड़े कर देते हैं। इसके साथ ही स्कूल की वैन भी सड़क किनारे खड़ी नजर आती हैं, जिससे सड़क की चौड़ाई और कम हो जाती है और देखते ही देखते कई सौ मीटर लंबा जाम लग जाता है।

इस जाम में आम वाहन चालकों के साथ-साथ स्कूल की अन्य बसें भी लंबे समय तक फंसी रहती हैं, जिससे बच्चों को घर पहुंचने में काफी देरी होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या रोजाना देखने को मिलती है, लेकिन इसके समाधान के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई है।

सबसे बड़ी बात यह है कि छुट्टी के समय न तो स्कूल प्रबंधन की ओर से कोई ट्रैफिक गार्ड दिखाई देता है और न ही कोई कर्मचारी यातायात को व्यवस्थित कराता नजर आता है। ऐसे में पूरी व्यवस्था भगवान भरोसे चलती दिखाई देती है।

अब सवाल यह है कि क्या महोली रोड पर कान्हा माखन किड्स प्राइड स्कूल के बाहर रोजाना इसी तरह जाम लगता रहेगा? क्या स्कूल प्रबंधन और ट्रैफिक पुलिस मिलकर कोई ठोस व्यवस्था करेंगे, ताकि बच्चों, अभिभावकों और आम जनता को राहत मिल सके? स्थानीय लोगों ने स्कूल प्रशासन और जिला प्रशासन से इस समस्या का जल्द स्थायी समाधान करने की मांग की है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now