जलभराव से परेशान छात्र-छात्राएं, वर्षों से तालाब बनी सड़क से स्कूल जाने को मजबूर

  • 8 days ago
  • 239 views


मथुरा के गोवर्धन विकास खंड की ग्राम पंचायत अडींग के भवनपुरा मार्ग पर वर्षों से बनी जलभराव की समस्या अब स्कूली बच्चों की पढ़ाई पर भी असर डाल रही है। सड़क पर जमा पानी के कारण स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग पर दो निजी विद्यालय संचालित हैं, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चे इसी रास्ते से होकर स्कूल पहुंचते हैं। छात्रों का कहना है कि सड़क पर हमेशा पानी और कीचड़ भरा रहने के कारण कई बार उनका संतुलन बिगड़ जाता है। फिसलने से उनकी स्कूल ड्रेस और जूते खराब हो जाते हैं, जिससे उन्हें वापस घर लौटना पड़ता है और पढ़ाई भी प्रभावित होती है।

छात्र-छात्राओं ने बताया कि उन्होंने कई बार इस समस्या की जानकारी विद्यालय प्रशासन को दी। विद्यालय के प्रधानाचार्य ने भी ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

वहीं, ग्राम पंचायत सचिव मनीष भंडारी का कहना है कि मार्ग पर सीसी सड़क बनी हुई है, लेकिन कुछ स्थानीय लोगों द्वारा नाली का पानी अवरुद्ध कर दिए जाने के कारण सड़क पर जलभराव की स्थिति बन रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही आवश्यक कार्रवाई कर समस्या का समाधान कराया जाएगा, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now