'एक पेड़ मां के नाम' अभियान को मिली रफ्तार, लाडली वन में 3000 पौधों का रोपण

  • 3 days ago
  • 163 views


मथुरा। पर्यावरण संरक्षण और ब्रज की प्राकृतिक धरोहर को संजोने के उद्देश्य से गुरुवार को फरह विकासखंड के बरारी स्थित लाडली वन में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक पूरन प्रकाश और जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी मौजूद रहे।

सुबह आयोजित कार्यक्रम में लगभग 3000 पौधों का रोपण किया गया। सभी उपस्थित लोगों ने पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया।

जिलाधिकारी चंद्रप्रकाश सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप 'आओ लौटाएं ब्रज की हरियाली' अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत इस क्षेत्र में 4000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पहले चरण में लाडली वन में 3000 पौधे लगाए गए हैं, जबकि शेष पौधों का रोपण भी जल्द किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण और राधारानी की पावन भूमि पर किया गया यह पौधारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का अभियान नहीं, बल्कि ब्रज की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विरासत को सहेजने का प्रयास भी है। लाडली वन में लगाए गए पौधों को राधारानी को समर्पित किया गया है।

कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उन्हें पेड़ बनने तक संरक्षित रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण तभी सार्थक होगा, जब लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण प्रदान करेंगे। यह अभियान ब्रज की हरियाली को पुनर्जीवित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

🔴 LIVE UPDATES

Abhi News YouTube चैनल को Subscribe करें

ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं

▶ Subscribe Now