स्वीटी सुपारी परिवार की अनूठी पहल, स्व. सुरेश चन्द्र अग्रवाल की स्मृति में मेगा हेल्थ...
- 11h ago
मथुरा में दलित समाज पर बढ़ते उत्पीड़न, फर्जी बैनामों और करोड़ों रुपये की जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने शुक्रवार को जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने दोपहर 12 बजे जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
भीम आर्मी का आरोप है कि जिले के कई क्षेत्रों में भू-माफिया गरीब दलित परिवारों की जमीनों पर कब्जा कर रहे हैं और पुलिस व तहसील प्रशासन की मिलीभगत के चलते पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा। संगठन का कहना है कि सुनरख, अकबरपुर, फरह और जैैत क्षेत्रों से लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं, जहां दबंगों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर जमीनों पर कब्जा किया जा रहा है।
प्रदर्शन के दौरान भीम आर्मी पदाधिकारियों ने बताया कि सुनरख क्षेत्र में बहादुर सिंह नामक व्यक्ति की जमीन को कथित रूप से धोखाधड़ी और नशा देकर अपने नाम कराया गया। पीड़ित पक्ष का दावा है कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज और ऑडियो साक्ष्य भी मौजूद हैं, लेकिन इसके बावजूद पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है।
अकबरपुर क्षेत्र में अंबेडकर पार्क की भूमि और दुकानों के किराये को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए। संगठन ने कहा कि पुरानी समिति और कुछ अधिकारियों की मिलीभगत से सरकारी संपत्तियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। वहीं फरह के सेरसा और जैत के नगला रामताल गांवों में दलित परिवारों की कृषि भूमि और मकानों पर कब्जे की शिकायतें सामने आई हैं। विरोध करने पर पीड़ितों के साथ मारपीट और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करने के भी आरोप लगाए गए।
भीम आर्मी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव रिपोर्ट और ताज़ा वीडियो सबसे पहले पाएं
ब्रेकिंग न्यूज़, वायरल वीडियो और हर बड़ी अपडेट सीधे अपने मोबाइल पर